October 10, 2026

उत्तराखंड में अग्निवीर भर्ती रैली 5 अक्टूबर से, गढ़वाल के युवाओं के लिए 13 से 20 अक्टूबर तक मौका

Agniveer recruitment

भारतीय सेना में भर्ती होने का इंतजार कर रहे उत्तराखंड के युवाओं के लिए अहम खबर है। भर्ती वर्ष 2027 के लिए उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 5 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक बीईजी एंड सेंटर, रुड़की में किया जाएगा। इस भर्ती रैली में केवल वे अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने 1 जून से 12 जून 2026 के बीच आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) सफलतापूर्वक पास किया है।

जोनल भर्ती कार्यालय (यूपी एवं यूके) के अंतर्गत एआरओ लैंसडौन की ओर से यह भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। इसमें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लिए क्लर्क/एसकेटी तथा गढ़वाल क्षेत्र के सात जिलों—चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी—के युवाओं के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी), अग्निवीर टेक और अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) श्रेणियों में भर्ती प्रक्रिया होगी।

CEE पास अभ्यर्थी ही रैली में होंगे शामिल

सेना की ओर से स्पष्ट किया गया है कि भर्ती रैली में वही उम्मीदवार भाग ले सकेंगे, जिन्होंने निर्धारित अवधि में आयोजित ऑनलाइन CEE परीक्षा उत्तीर्ण की है। अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड में दर्ज तारीख और समय के अनुसार भर्ती स्थल पर रिपोर्ट करना होगा।

उम्मीदवारों को रैली अधिसूचना में बताए गए सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे। सेना ने अभ्यर्थियों से भर्ती प्रक्रिया से संबंधित सभी निर्देशों का सावधानीपूर्वक पालन करने की अपील की है।

गढ़वाल के सात जिलों के लिए भर्ती रैली का शेड्यूल

गढ़वाल क्षेत्र के सात जिलों के अग्निवीर जीडी, अग्निवीर टेक और अग्निवीर ट्रेड्समैन उम्मीदवारों के लिए निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार है—

तारीख जिला
13 अक्टूबर 2026 उत्तरकाशी और चमोली
14 अक्टूबर 2026 चमोली
15 अक्टूबर 2026 टिहरी गढ़वाल
16 अक्टूबर 2026 पौड़ी गढ़वाल
17 अक्टूबर 2026 पौड़ी गढ़वाल
18 अक्टूबर 2026 रुद्रप्रयाग और देहरादून
19 अक्टूबर 2026 देहरादून और हरिद्वार
20 अक्टूबर 2026 अग्निवीर टेक और अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) के लिए चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी

क्लर्क/SKT के लिए 11 अक्टूबर को गढ़वाल के युवाओं की रैली

क्लर्क/एसकेटी श्रेणी के लिए गढ़वाल क्षेत्र के सात जिलों—चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी—के अभ्यर्थियों की रैली 11 अक्टूबर 2026 को निर्धारित की गई है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अन्य जिलों के लिए भी 5 से 12 अक्टूबर के बीच अलग-अलग तिथियों पर रैली आयोजित की जाएगी।

दलालों और बिचौलियों से दूर रहने की अपील

भारतीय सेना और नागरिक प्रशासन ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता आधारित रखने की बात कही है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी दलाल, एजेंट या बिचौलिए के संपर्क में न आएं और भर्ती में मदद के नाम पर किसी को पैसे न दें।

सेना ने स्पष्ट किया है कि कोई भी व्यक्ति भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित नहीं कर सकता। अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करने की अपील की गई है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.