October 3, 2026

सेवा संकल्प अभियान में छात्र प्रतिभाओं को मिला सम्मान, विकसित भारत का संकल्प

Abhiyan

उत्तराखंड भाजपा के सहप्रभारी अरविंद मेनन एवं समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत दून इंटरनेशनल स्कूल, डालनवाला में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में छात्र-छात्राओं की ओर से तैयार की गई रंगोली, लेखन प्रतियोगिता और चित्रकला प्रदर्शनी का निरीक्षण किया तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान अरविंद मेनन ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों और उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को भी शुभकामनाएं दीं और बच्चों से महापुरुषों के जीवन, विचारों एवं उच्च आदर्शों से प्रेरणा लेकर उन्हें अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

2047 तक विकसित भारत बनाने की सोच जरूरी: खजानदास

समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य युवाओं के मन में वर्ष 2047 तक भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की सोच को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर, वंचित, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, महिलाओं, बच्चों तथा आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण का संकल्प लेना जरूरी है। इन वर्गों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

‘आप देश के भविष्य और कर्णधार हैं’

मंत्री खजानदास ने विद्यार्थियों से कहा कि युवा देश के भविष्य और कर्णधार हैं। आने वाले समय में देश की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर होगी। उन्होंने बच्चों से अभी से अपने भीतर अनुशासन, संवेदना, सेवा और सहयोग की भावना विकसित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने से विद्यार्थियों को भविष्य में आने वाली चुनौतियों का सामना करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के साथ उन्हें सामाजिक सरोकारों, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर दिया गया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.