August 8, 2026

आगामी चुनावों को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारी, सीएम धामी ने जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों से किया संवाद

Meeting

उत्तराखंड में आगामी चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में देहरादून में गढ़वाल संभाग के जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत कर संगठन पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना तथा आगामी चुनावों के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।

सीएम धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

बूथ स्तर तक मजबूत संगठन पर जोर

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी बैठक को संबोधित करते हुए संगठन की एकजुटता और बूथ स्तर पर मजबूती को आगामी चुनावों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी चुनाव में एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर चुनावी तैयारियों में जुटना होगा।

बैठक में संगठनात्मक मजबूती, बूथ मैनेजमेंट और चुनावी रणनीति समेत विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों से क्षेत्र की जमीनी स्थिति और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर फीडबैक भी लिया गया।

पार्टी नेतृत्व ने कहा कि कार्यकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक के आधार पर आगामी चुनावों की रणनीति को और प्रभावी बनाया जाएगा। बैठक के जरिए भाजपा ने संगठन को चुनावी मोड में सक्रिय करने और जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने का संदेश दिया।

पुष्कर सिंह धामी , मुख्यमंत्री

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.