रक्तदान महादान: युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में हिस्सा
रुद्रपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सेवा क्रांति वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि सेवा क्रांति वेलफेयर ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष रामवीर यादव का 51वां स्वैच्छिक रक्तदान रहा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बनता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
रामवीर यादव ने कहा कि रक्त की आवश्यकता कभी भी किसी को पड़ सकती है और ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाता ही जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी साबित होते हैं। उन्होंने लोगों से रक्तदान से जुड़े भ्रमों को दूर करने और अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान अभियान से जुड़ने की अपील की।
शिविर में एसबीटीसी ब्लड बैंक के इंचार्ज जे.एल. चौधरी सहित ब्लड बैंक की टीम मौजूद रही। कार्यक्रम में देवता छनियाल, जितेंद्र बृजपाल, परवीन अरोड़ा, सतीश जोशी, संजय साधु और सुनील सागर ने भी सहभागिता की। सभी अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचा सकता है और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। शिविर के दौरान रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया गया तथा उन्हें भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना रहा।
