July 24, 2026

देहरादून में गला रेतकर कारोबारी की हत्या, बीकॉम छात्र गिरफ्तार

Murder

राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में 48 वर्षीय व्यक्ति की गला रेतकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में इंटरनेट के माध्यम से दोनों की पहचान होने और विवाद के बाद हत्या की बात सामने आई है। वहीं, पुलिस पैसों के लेन-देन के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना 22 जुलाई की शाम की है। देवऋषि एनक्लेव निवासी मीनाक्षी ने पुलिस को सूचना दी कि उनके भाई पर एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां ग्राउंड फ्लोर के कमरे में दीपक गुप्ता (48) नग्न अवस्था में मृत मिले। उनके गर्दन के पिछले हिस्से पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान थे।

मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रोहन प्रजापति (20) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र है और उसकी पहचान इंटरनेट के माध्यम से दीपक गुप्ता से हुई थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद उसने चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक ब्याज पर पैसे देने का काम करता था। ऐसे में हत्या के पीछे आर्थिक लेन-देन की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है और हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।

अंकित कंडारी, सीओ सदर, देहरादून

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.