August 26, 2026

मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए दी करोड़ों की वित्तीय स्वीकृति

CM Dhami

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अवस्थापना विकास, पेयजल व्यवस्था और जनसुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने आवास विभाग के अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल के नीलकंठ क्षेत्र में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण कार्य हेतु ₹48.82 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत प्रथम किश्त के रूप में ₹19.53 करोड़ जारी किए गए हैं।

इसके अलावा जनपद अल्मोड़ा की सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 38 इंडिया मार्क-II हैंडपंप स्थापित किए जाएंगे। इस योजना के लिए ₹1.36 करोड़ की स्वीकृति दी गई है, जबकि प्रथम किश्त के रूप में ₹50 लाख जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल की हिण्डोलाखाल पम्पिंग पेयजल योजना के अंतर्गत ऊर्जा दक्ष पंपों की खरीद के लिए ₹9.73 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। योजना के क्रियान्वयन के लिए प्रथम किश्त के रूप में ₹3.89 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

वहीं नगर निगम पिथौरागढ़ क्षेत्र के वार्ड नेडा बस्ते में देवभूमि रजत जयंती पार्क निर्माण कार्य हेतु ₹9.81 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। इसके लिए प्रथम किश्त के रूप में ₹1.97 करोड़ जारी किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने कुम्भ मेला-2027 के अंतर्गत पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम द्वारा प्रस्तावित अस्थायी प्रकृति के 10 मरम्मत कार्यों के लिए ₹3.21 करोड़ की योजना को भी अनुमोदन प्रदान किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और जनसुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के समय पर क्रियान्वयन से प्रदेश की जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.