June 24, 2026

भारतीय सेना ने अदम्य साहस, पराक्रम और रणनीति से पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,

Dehradun 11 May 2025,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज, छावनी परिषद गढ़ीकैंट में ₹12.51 करोड़ की लागत से निर्मित हरबंश कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने स्व. हरबंस कपूर को नमन करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राज्य और देहरादून की सेवा, विकास एवं जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज छावनी परिषद कार्यालय, गढ़ीकैंट में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. श्री हरबंश कपूर जी ने जीवनभर, जनसेवा को प्राथमिकता दी। अपने व्यवहार से उन्होंने प्रत्येक नागरिक के दिल में विशेष जगह बनाई। उन्होंने कहा कि एमडीडीए द्वारा ₹12 करोड़ से अधिक की लागत से निर्मित ये सामुदायिक भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। कम्युनिटी हॉल के बनने से क्षेत्र के लोगों की आवश्यकताओं की पूर्ति होगी एवं यह आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भी सामाजिक आयोजनों का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री ने एम.डी.डी.ए. को सामुदायिक भवन के संचालन के लिए एस.ओ.पी बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने देश की सेना के शौर्य का जिक्र करते हुए कहा कि सेना ने अदम्य साहस, पराक्रम और रणनीति से पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया है। हमारे सशस्त्र बलों ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए पाकिस्तान में स्थित आतंकियों के ठिकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मजबूत नेतृत्व और स्पष्ट नीति के कारण आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई है। प्रधानमंत्री ने हमेशा मानवता पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार राष्ट्र प्रथम की नीति पर चलती है। हमारे लिए राष्ट्र सबसे प्रथम है। उन्होंने कहा कि देश के जवान सरहदों पर मां भारती की सुरक्षा के लिए खड़े हैं। सेना का साहस अद्भुत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देहरादून को आधुनिक और विकसित शहर बनाने के लिए कार्य कर रही है। देहरादून में लगभग ₹14 सौ करोड़ की लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। देहरादून में ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य जारी है। रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की योजना भी तैयार की जा रही है। इसके साथ ही देहरादून दिल्ली एलिवेटेड रोड, सौंग बांध परियोजना, जैसी अनेक योजनाओं पर कार्य जारी है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक श्रीमती सविता कपूर, ब्रिगेडियर आर.एस. थापा, अध्यक्ष महानगर भाजपा सिद्धार्थ अग्रवाल, भाजपा नेत्री नेहा जोशी एम.डी.डी.ए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारीएवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.