टपकेश्वर मंदिर परिसर में चला स्वच्छता अभियान, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया श्रमदान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में विश्वास, विकास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत रविवार सुबह कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने टपकेश्वर मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के शहीद दुर्गामल्ल मंडल के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मंदिर परिसर तथा तमसा नदी क्षेत्र में स्वच्छता कार्य किया।
अभियान के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया और आमजन को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भी भागीदारी की।
इस अवसर पर गणेश जोशी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन के आह्वान पर कार्यकर्ता स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक सतत सामाजिक संकल्प है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया स्वच्छता अभियान आज एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जिसने देशभर में स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरण किया है।
उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत का निर्माण संभव है।
