कॉमनवेल्थ गेम्स की कांस्य पदक विजेता उन्नति शर्मा को मिला ‘उत्तराखंड देवभूमि सम्मान’
कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला जूडो में कांस्य पदक जीतकर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी उन्नति शर्मा को उत्तराखंड सामाजिक सम्मान सेवा ट्रस्ट की ओर से ‘उत्तराखंड देवभूमि सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष राजू वर्मा ने कहा कि उन्नति शर्मा ने कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला जूडो में कांस्य पदक हासिल कर प्रदेश के साथ-साथ देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राकेश कुमार भट्ट ने कहा कि उन्नति शर्मा ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर परिश्रम के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
वहीं, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष रुद्र पाल सिंह ने कहा कि संस्था ऐसे लोगों को सम्मानित करती है, जिनके कार्यों से समाज को लाभ मिलता है या जिन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्यों से प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।
ट्रस्ट के महासचिव राकेश शर्मा ने कहा कि सम्मान मिलने से व्यक्ति के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। इससे वह अपने कार्य को और अधिक निष्ठा एवं उत्साह के साथ करने के लिए प्रेरित होता है और समाज के अन्य लोगों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्नति शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड सामाजिक सम्मान सेवा ट्रस्ट की ओर से ‘उत्तराखंड देवभूमि सम्मान’ पाकर वह गर्व महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल और देश के प्रति उनकी जिम्मेदारी अब और बढ़ गई है। वह भविष्य में भी अपने बेहतर प्रदर्शन के जरिए उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करने का प्रयास करती रहेंगी।
