August 11, 2026

देहरादून में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण, बहु-स्तरीय वन विकसित करने की पहल

plant trees

पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिकीय पुनरुद्धार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 127 इन्फैंट्री बटालियन (टेरिटोरियल आर्मी) इकोलॉजिकल-गढ़वाल राइफल्स की ओर से मुख्यालय उत्तराखंड सब एरिया (UKSA) के तत्वावधान में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। चकराता रोड स्थित बिंदाल ब्रिज के समीप आयोजित इस अभियान में रेड एफएम ने भी सहयोग किया।

यह अभियान राष्ट्रीय अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत यूनिट के फ्लैगशिप अभियान ‘भागीदारी और जिम्मेदारी’ के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य चिन्हित क्षतिग्रस्त भू-भाग को विकसित कर उसे बहु-स्तरीय वन यानी Multi-Layer Forest के रूप में तैयार करना है।

अभियान के दौरान देशज वृक्ष प्रजातियों के साथ झाड़ियों और भू-आवरण वाली वनस्पतियों का व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक तरीके से रोपण किया गया। आयोजकों के मुताबिक, इस पहल के जरिए आने वाले समय में एक आत्मनिर्भर और जैव-विविधता से समृद्ध हरित पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

जैव विविधता और मृदा संरक्षण पर जोर

बहु-स्तरीय वन की अवधारणा के तहत अलग-अलग स्तरों पर वृक्षों, झाड़ियों और भू-आवरण वनस्पतियों को विकसित किया जाएगा। इससे क्षतिग्रस्त भूमि के पुनरुद्धार के साथ जैव विविधता बढ़ाने, मृदा संरक्षण और क्षेत्र की पारिस्थितिकीय क्षमता को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

वृक्षारोपण अभियान में सशस्त्र सेनाओं के साथ नागरिक हितधारकों, मीडिया सहयोगियों और स्थानीय समुदाय ने भी भागीदारी की। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पर्यावरण संरक्षण की मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया गया।

127 टीए इकोलॉजिकल-गढ़वाल राइफल्स के प्रतिनिधियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी है।

अभियान के दौरान “मां के नाम एक पेड़, धरती मां के लिए एक कदम” का संदेश दिया गया। इस पहल के माध्यम से ‘गढ़वाल ग्रीनर्स’ ने पर्यावरण संरक्षण, पारिस्थितिकीय पुनरुद्धार और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उत्तराखंड को अधिक हरित, स्वस्थ और सतत बनाने में जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.