June 20, 2026

NEET-UG परीक्षा को लेकर देहरादून पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल को किया गया ब्रीफ

security arrangement

21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG) परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए देहरादून पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस बल की पुलिस लाइन देहरादून में ब्रीफिंग की गई।

ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा एवं निगरानी से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी जोनल अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर कंट्रोल रूम, जैमर और सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही परीक्षा के दिन निर्धारित समय से चार घंटे पूर्व सभी केंद्रों का सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण करने को कहा गया।

अधिकारियों ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों की चारदीवारी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जाए तथा किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर तत्काल उसका समाधान कराया जाए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र के भीतर अभ्यर्थियों के अलावा किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मोबाइल पुलिस पार्टियां भी तैनात की जाएंगी। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं और ढाबों की नियमित जांच करने तथा वहां ठहरे व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.