June 30, 2026

दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम: 70 में 48 सीटों पर भाजपा को मिली जीत,22 सीटों पर सिमटी , कांग्रेस का इस बार भी खाता नहीं खुला,

दिल्ली , दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी को जबर्दस्त शिकस्त देते हुए दो तिहाई बहुमत का आंकड़ा छू लिया है। आम आदमी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। घोषित किए गए दिल्ली चुनाव परिणामों में 70 में 48 सीटों पर भाजपा को जीत मिली। आम आदमी पार्टी केवल 22 सीटों पर सिमटी , कांग्रेस का इस बार भी खाता नहीं खुला।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिले एतिहासिक जनादेश पर अपनी पोस्ट में लिखा, “जनता की ताकत सबसे बड़ी होती है। विकास की विजय हुई है, सुशासन की विजय हुई है। मैं भाजपा को मिले इस ऐतिहासिक जनादेश के लिए दिल्ली के अपने प्यारे भाई-बहनों का आभार व्यक्त करता हूं। हम इन आशीर्वादों से प्रेरित होकर दिल्ली के विकास, लोगों की जीवन गुणवत्ता में सुधार करने और इसे एक उन्नत भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

नई दिल्ली विधानसभा सीट से आप के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, भाजपा के प्रवेश वर्मा से करीब 4089 मतों चुनाव हार गए हैं। वहीं कालकाजी विधानसभा सीट से दिल्ली की मौजूदा मुख्यमंत्री और आप नेता ने जीत दर्ज कराई है। आतिशी ने भाजपा दिग्गज नेता रमेश बिधूड़ी को 3580 मतों से शिकस्त दी है।आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सत्येन्द्र जैन भी भाजपा के करनैल सिंह से लगभग 20998 मतों से चुनाव हार गए हैं।ग्रेटर कैलाश से भारतीय जनता पार्टी की शिखा रॉय 3188 वोटों से चुनाव जीत गईं हैं, इन्होंने आप पार्टी के सौरभ भारद्वाज को हराया है। आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेताओं में शामिल पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी अपनी सीट नहीं बचा पाए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि, हम लोगों के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करते हैं’ मैं भाजपा को इस जीत के लिए बधाई देता हूं और मुझे उम्मीद है कि वे उन सभी वादों को पूरा करेंगे, जिनके लिए लोगों ने उन्हें वोट दिया है। हमने पिछले 10 वर्षों में स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बहुत काम किया है। हम न केवल एक रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे बल्कि लोगों के बीच रहेंगे और उनकी सेवा करते रहेंगे।

वहीं नई दिल्ली विधानसभा सीट से जीते भाजपा के प्रवेश वर्मा ने कहा, “मैं सभी दिल्ली वासियों को बधाई देता हूं, उनका धन्यवाद करता हूं… दिल्ली में बनने वाली यह सरकार प्रधानमंत्री के विजन को दिल्ली में लेकर आएगी। मैं इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को देता हूं। मैं दिल्ली की जनता का धन्यवाद करता हूं। यह जीत प्रधानमंत्री मोदी और दिल्ली की जनता की जीत है।”

गांधीनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अरविंदर सिंह लवली ने कहा, “यह जीत उस झूठ के खिलाफ है जो आम आदमी पार्टी दिल्ली के लोगों को परोस रही थी।

कवि कुमार विश्वास ने कहा, ‘मैं भाजपा को जीत की बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे दिल्ली की जनता के लिए काम करेंगे। मुझे ऐसे व्यक्ति से कोई सहानुभूति नहीं है जिसने आप पार्टी के कार्यकर्ताओं के सपनों को कुचल दिया।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर कहा, “मुझे लगता है कि दिल्ली में हमारी सभी बैठकों और जिन लोगों से मैं मिल रही थी, उन सबसे यह बहुत स्पष्ट था कि लोग बदलाव चाहते थे और वे उन चीजों से तंग आ चुके थे। उन्होंने बदलाव के लिए वोट दिया है, जो जीतें उन्हें बधाई। हमें और अधिक मेहनत करनी होगी, हम लोगों के मुद्दे उठाते रहेंगे।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.