कोटद्वार से एम्स ऋषिकेश के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों तथा उनके परिजनों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए कोटद्वार से एम्स ऋषिकेश के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी गई है। इस नई सेवा से मरीजों और तीमारदारों को अब यात्रा के दौरान बार-बार वाहन बदलने और भटकने की समस्या से निजात मिलेगी।
विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के लोगों द्वारा लगातार कोटद्वार से एम्स ऋषिकेश तक सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग की जा रही थी। लोगों की इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए रोडवेज विभाग के सहयोग से बस सेवा का संचालन शुरू कराया गया है।
उन्होंने कहा कि एम्स ऋषिकेश प्रदेश का प्रमुख चिकित्सा संस्थान है, जहां बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। लेकिन सीधी परिवहन सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब इस बस सेवा के शुरू होने से लोगों को सुविधाजनक और सुलभ यात्रा का लाभ मिलेगा।
ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह बस सेवा क्षेत्रवासियों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी और स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच को और आसान बनाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण
