क्रिकेट मैच खेलकर लौट रहे युवक से मारपीट, CCTV में कैद हुई घटना
हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में क्रिकेट मैच खेलकर लौट रहे एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना हरेराम आश्रम के सामने की बताई जा रही है, जहां बाइक सवार युवकों ने युवक पर हमला कर दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, रावली महदूद स्थित हरिद्वार ग्रीन सोसायटी निवासी रितिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जमालपुर में क्रिकेट मैच खेलकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कार्तिक अपने पांच से छह साथियों के साथ वहां पहुंचा और हरेराम आश्रम के पास उसे रोककर मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद युवक ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
