Recent Posts

September 21, 2026

उत्तराखंड चुनावी तैयारी तेज, 8 अगस्त को मल्लिकार्जुन खड़गे की बड़ी जनसभा की तैयारी में कांग्रेस

Kharge

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस अब अपने चुनावी अभियान को धार देने की तैयारी में है। पार्टी 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की बड़ी जनसभा आयोजित करने की योजना बना रही है। इसके लिए प्रदेश संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। फिलहाल रैली के लिए हल्द्वानी को पहली पसंद माना जा रहा है, हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।

प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि 18 जुलाई को हुई राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक में 8 अगस्त को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया था। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी भौगोलिक दृष्टि से सबसे उपयुक्त स्थान माना जा रहा है, क्योंकि यहां से कुमाऊं मंडल के पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं की आसानी से भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है। हालांकि, ऊधमसिंह नगर भी संभावित विकल्पों में शामिल है और अंतिम फैसला दिल्ली में चल रही पार्टी की बैठक के बाद लिया जाएगा।

एक दिवसीय होगा खड़गे का दौरा

राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि मल्लिकार्जुन खड़गे का प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा एक दिन का ही होगा। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को दिल्ली में अखिल भारतीय युवा कांग्रेस का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम है। ऐसे में 8 अगस्त को जनसभा आयोजित करने के बाद युवा कार्यकर्ता उसी दिन दिल्ली के लिए रवाना हो सकेंगे।

दिल्ली में बन रही चुनावी रणनीति

उन्होंने बताया कि दिल्ली में कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान आगामी दो से तीन महीनों की चुनावी रणनीति पर मंथन किया जा रहा है। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के गठन, विधानसभावार प्रभारियों की नियुक्ति, स्टार प्रचारकों की सूची, घोषणा पत्र समिति के गठन और चुनाव अभियान की रूपरेखा जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा हो रही है।

कांग्रेस का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की प्रस्तावित जनसभा से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा और विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ चुनावी अभियान को नई गति मिलेगी। अब सभी की नजर केंद्रीय नेतृत्व के अंतिम फैसले पर टिकी है, जिसके बाद रैली स्थल और कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

राजेंद्र सिंह भंडारी, प्रदेश महामंत्री, संगठन एवं प्रशासन, कांग्रेस

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.