Recent Posts

September 21, 2026

2036 ओलंपिक मेजबानी के संकल्प के साथ कांवड़ यात्रा करेंगी खेल मंत्री रेखा आर्या

Rekha Arya

भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के संकल्प के साथ उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या 10 अगस्त को हरिद्वार से ऋषिकेश तक विशेष पैदल कांवड़ यात्रा निकालेंगी। करीब 22 किलोमीटर लंबी यह संकल्प यात्रा हर की पौड़ी से शुरू होकर ऋषिकेश स्थित वीरभद्र मंदिर में जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी।

देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान खेल मंत्री रेखा आर्या ने यात्रा की घोषणा करते हुए कहा कि यह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, खेल भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी मिले, इसी उद्देश्य से यह विशेष यात्रा आयोजित की जा रही है।

रेखा आर्या ने बताया कि इस यात्रा में संत समाज के प्रतिनिधियों के साथ प्रदेश और देश के खिलाड़ी, युवा, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक भी भाग लेंगे। उनका कहना था कि खेल और आध्यात्मिकता दोनों ही अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देते हैं तथा यह यात्रा इन्हीं मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।

खेल मंत्री ने प्रदेशवासियों और युवाओं से इस संकल्प यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह अभियान केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की खेल आकांक्षाओं से जुड़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों और जनसहभागिता से भारत वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी का सपना अवश्य साकार करेगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं की भूमि भी है और इस यात्रा के माध्यम से खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा। यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

रेखा आर्य, कैबिनेट मंत्री

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.