खेत बचाओ अभियान से किसानों को मिलेगा योजनाओं का लाभ: गणेश जोशी
उत्तराखंड के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी सोमवार, 1 जून को कृषि विभाग द्वारा आयोजित “खेत बचाओ अभियान” कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। यह कार्यक्रम देहरादून जनपद के ढाकी, सहसपुर में आयोजित किया जाएगा, जहां कृषि मंत्री किसानों, कृषि विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कृषि भूमि संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन तथा कृषि क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। अभियान का उद्देश्य किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ कृषि भूमि के संरक्षण और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में प्रयासों को गति देना है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि 1 जून से 30 जून तक पूरे प्रदेश में “खेत बचाओ अभियान” चलाया जाएगा। इस दौरान किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) निर्माण, सॉयल हेल्थ कार्ड वितरण, कृषि यंत्रीकरण तथा विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और कृषि भूमि के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “खेत बचाओ अभियान” केवल कृषि भूमि को बचाने का प्रयास नहीं है, बल्कि यह किसानों के सम्मान, ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान है।
कृषि विभाग को उम्मीद है कि इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक किसान सरकारी योजनाओं से जुड़ेंगे और प्रदेश में कृषि विकास को नई दिशा मिलेगी।
