बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन:खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में विदेश मंत्री एस जयशंकर अंतिम संस्कार में होंगे शामिल,
Delhi, 30 December 2025,
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेशी राष्ट्रीय परिषद की अध्यक्ष खालिदा जिया का निधन हो गया है। 80 वर्षीय जिया लंबे समय से लिवर सिरोसिस, किडनी की बीमारी, फेफड़ों में संक्रमण और मधुमेह जैसी कई गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती थीं। पार्टी सूत्रों और चिकित्सा अधिकारियों ने पुष्टि की है कि उन्होंने ढाका के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
खालिदा जिया 1991 से 1996 और फिर 2001 से 2006 तक दो बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रहीं। वे पूर्व राष्ट्रपति जिया-उर-रहमान की पत्नी थीं। 1981 में पति की हत्या के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और बांग्लादेशी राष्ट्रीय परिषद का नेतृत्व किया। उनके नेतृत्व में पार्टी ने कई चुनाव जीते, हालांकि उनका कार्यकाल राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और विवादों से भी घिरा रहा।
बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार गिरने के ठीक एक दिन बाद, 6 अगस्त 2024 को खालिदा जिया को जेल से रिहा किया गया था। रिहाई के बाद वे इलाज के लिए लंदन गईं और हाल ही में 6 मई को स्वदेश लौटी थीं। उनका अंतिम समय काफी कष्टदायक रहा, क्योंकि वे लिवर, किडनी और हृदय रोगों से जूझ रही थीं। उनके बेटे अराफात रहमान का इसी साल निधन हो गया था। खालिदा जिया के बड़े बेटे तारीक रहमान कुछ दिन पहले लंदन से बांग्लादेश आंखें हैं और अब पार्टी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं
खालिदा जिया और शेख हसीना के बीच की प्रतिद्वंद्विता को दुनिया ‘बैटल ऑफ बेगम्स’ के रूप में जानती है। 1980 के दशक में दोनों ने सैन्य शासन के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर आंदोलन किया था, लेकिन 1991 में लोकतंत्र की वापसी के बाद दोनों कट्टर दुश्मन बन गईं। 1990 के बाद बांग्लादेश की सत्ता इन्हीं दो महिलाओं के इर्द-गिर्द घूमती रही।
खालिदा जिया का जन्म 1945 में हुआ था। उनके पति जियाउर रहमान ने 1971 की आजादी की लड़ाई में अहम भूमिका निभाई और बाद में राष्ट्रपति बने। 1981 में पति की सैन्य विद्रोह में हत्या हो गई थी। खालिदा ने 1984 बांग्लादेशी राष्ट्रीय परिषद का नेतृत्व संभाला और 1991 में देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनकर इतिहास रच दिया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ढाका में पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेशी राष्ट्रीय परिषद अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया के निधन पर शोक व्यक्त किया।श्री मोदी ने एक्स पर अपनी एक पोस्ट में लिखा, “ढाका में पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। उनके परिवार और बांग्लादेश के समस्त जनमानस के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर उनके परिवार को इस दुखद घड़ी को सहने की शक्ति प्रदान करें। बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में बांग्लादेश के विकास और भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। उनकी मौजूदगी को भारत की ओर से शोक संवेदना और सम्मान के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
