August 8, 2026

यूएई के बाज़ारों में उत्तराखंड की ‘हिमालयन ट्राउट’ मछली की जबरदस्त मांग:प्रति माह करीब 20 टन ट्राउट मछली का होगा निर्यात,

Dubai, 30 January 2026,

संयुक्त अरब अमीरात यूएई के बाज़ारों में उत्तराखंड की ‘हिमालयन ट्राउट’ मछली की जबरदस्त मांग है। विदेशी निवेशकों और निर्यातकों के साथ हुई वार्ता में प्रति माह करीब 20 टन ट्राउट मछली के भारत से यूएई के बाज़ारों में निर्यात किए जाने का करार हुआ है।

उत्तराखंड के पशुपालन, मत्स्य पालन दुग्ध विकास , गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल एवं कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा, सचिव डॉ.बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, निदेशक मत्स्य चंद्र सिंह धर्मशक्तु एवं विभागीय अधिकारियों की टीम दुबई में चल रहे “गल्फफूड 2026” में प्रतिभाग कर रहे हैं। यहां उत्तराखंड के उत्पादों को वैश्विक मंच देने के लिए दुग्ध विकास एवं मत्स्य विभाग ने स्टॉल लगाए हैं। “गल्फ फूड-2026” में विश्व के प्रसिद्ध खाद्य एवं पेय उत्पादों को वैश्विक मंच मिलता है।

मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि, दुबई में आयोजित ‘गल्फ फूड-2026’ के पांचवें दिन भी उत्तराखंड की सशक्त उपस्थिति और उत्तराखंड के उत्पादों के प्रति वैश्विक क्रेताओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह साझा करते हुए गर्व हो रहा है कि संयुक्त अरब अमीरात यूएई के बाज़ारों में ‘हिमालयन ट्राउट मछली’ को न केवल पसंद किया गया है, बल्कि निवेशकों और निर्यातकों के साथ हुई वार्ता में प्रति माह करीब 20 टन ट्राउट मछली की भारी डिमांड भी सामने आई है। इस वैश्विक मांग को पूरा करने के लिए हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा, हमारा लक्ष्य है कि अगले छह महीनों के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूर्ण कर सातवें महीने तक ट्राउट का पहला बड़ा कंटेनर दुबई के बाज़ारों के लिए रवाना किया जाए। इसके साथ ही राज्य सरकार मत्स्य पालकों को अनुदान पर पौष्टिक आहार उपलब्ध कराएगी ताकि उत्पादन की गुणवत्ता और वजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि, हमारी पूरी टीम के इन ठोस प्रयासों से बहुत जल्द उत्तराखंड निर्यात के क्षेत्र में एक नई और स्थाई पहचान स्थापित करेगा। यह मिशन न केवल ‘ब्रांड उत्तराखंड’ को ग्लोबल बनाएगा, बल्कि हमारे मत्स्य पालकों और पशुपालकों की आर्थिकी में भी एक स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत करेगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.