September 7, 2026

युवाओं के लिए मुफ्त कोचिंग योजना शुरू, मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना का शुभारंभ आज

CM Dhami

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ करेंगे। योजना के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक परिस्थितियां किसी भी प्रतिभाशाली युवा के सपनों में बाधा न बनें।

UPSC से SSC और बैंकिंग तक मिलेगी ऑनलाइन कोचिंग

योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा दी जाएगी। इसमें सिविल सर्विसेज (UPSC एवं राज्य लोक सेवा आयोग), CDS, बैंकिंग, रेलवे और SSC सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल हैं।

इसके अलावा युवाओं को CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी उच्च शिक्षा एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को मिलेगा सबसे बड़ा लाभ

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना विशेष रूप से प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलने से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तैयारी के लिए देहरादून, दिल्ली या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

युवा अब घर बैठे विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। इससे न केवल समय और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी, बल्कि प्रदेश के ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को भी समान अवसर मिल सकेंगे।

सरकार का लक्ष्य है कि आधुनिक तकनीक और ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए और उन्हें आत्मनिर्भर एवं रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार किया जा सके।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.