July 26, 2026

चारधाम यात्रा मार्ग के पुनर्स्थापना कार्यों का गणेश जोशी ने किया निरीक्षण

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को जनपद टिहरी के भ्रमण के दौरान आपदा से क्षतिग्रस्त चारधाम यात्रा मार्ग पर चल रहे पुनर्स्थापना एवं सड़क ट्रीटमेंट कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गस्ती बैंड के समीप एनएच-707ए तथा कैम्पटी-टिहरी मार्ग पर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मौके पर मौजूद जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों से कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा मार्ग यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी कार्यों को तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं की बहाली और उन्हें अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए, ताकि यात्रा मार्ग पर किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की आस्था, संस्कृति और अर्थव्यवस्था से सीधे जुड़ी हुई है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मंत्री ने अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा मार्ग को हर परिस्थिति में सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.