July 22, 2026

शहीद मेजर भूपेन्द्र कण्डारी की पुण्यतिथि पर गणेश जोशी ने दी श्रद्धांजलि

tribute

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अमर शहीद मेजर भूपेन्द्र कण्डारी, सेना मेडल की 23वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून के हाथीबड़कला स्थित शहीद द्वार पहुंचकर शहीद मेजर कण्डारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस, शौर्य तथा राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान गणेश जोशी ने कहा कि अमर शहीदों का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का राष्ट्र हमेशा ऋणी रहेगा। उनका त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और यहां के सैनिकों ने देश की सुरक्षा, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर अद्वितीय साहस और वीरता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के सम्मान तथा उनके परिजनों के कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और उनके हितों के संरक्षण के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी अमर शहीद मेजर भूपेन्द्र कण्डारी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बलिदान को याद किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.