June 29, 2026

2027 में सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी आप, संगठन को बूथ स्तर तक किया जाएगा मजबूत

Press Meeting

आम आदमी पार्टी (आप) उत्तराखंड ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। हल्द्वानी स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 70 सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि अब संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा मिशन-2027 की तैयारियों को तेज करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेशभर में संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के अभियान पर विशेष जोर दे रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड की जनता शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, भ्रष्टाचार, पलायन और बदहाल व्यवस्थाओं जैसी समस्याओं से जूझ रही है। उनका कहना था कि आम आदमी पार्टी ही प्रदेश को ईमानदार, पारदर्शी और जनहितकारी राजनीति का विकल्प देने में सक्षम है।

प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल महिलाओं को आरक्षण देने की बातें करती है, जबकि आम आदमी पार्टी महिलाओं को वास्तविक भागीदारी और सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की राजनीति में विश्वास करती है और इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि आम आदमी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और प्रदेश की जनता के सामने एक सशक्त विकल्प प्रस्तुत करेगी।

उमा गौड़ सिसोदिया,
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष AAP उत्तराखंड

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.