June 23, 2026

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने बदरीनाथ धाम में किए दर्शन

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया। राज्यपाल ने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और करीब एक घंटे तक धाम परिसर में समय व्यतीत किया।

राज्यपाल सुबह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हेलीकॉप्टर से बदरीनाथ हेलीपैड पहुंचे, जहां जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने उनका स्वागत किया। पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इसके बाद वे कार द्वारा मंदिर पहुंचे और दर्शन किए।

दर्शन के उपरांत राज्यपाल ने जिलाधिकारी से बदरीनाथ मास्टर प्लान के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सिविक एमीनिटी सेंटर, कम्युनिटी सेंटर, अराइवल प्लाज़ा और हॉस्पिटल बिल्डिंग की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्थाओं की सराहना की। राज्यपाल ने निर्देश दिए कि सभी कार्यों का फोटो सहित विस्तृत डॉक्यूमेंटेशन तैयार किया जाए। साथ ही शेष नेत्र और बद्रीश झील की सफाई व्यवस्था व आस्था पथ की लाइटिंग व्यवस्था को निरंतर बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

राज्यपाल ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं में जिला प्रशासन, पुलिस और मंदिर समिति के बीच बेहतर समन्वय की प्रशंसा की। उन्होंने मंदिर समिति के सदस्य, पंडा-पुजारी, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी और कहा कि बदरीनाथ धाम का वातावरण अत्यंत दिव्य और ऊर्जा से परिपूर्ण है।

राज्यपाल ने कहा कि यहां आने वाले हर व्यक्ति के चेहरे पर प्रसन्नता झलकती है, जो इस पवित्र स्थल की आध्यात्मिकता का प्रमाण है। उन्होंने सभी से भगवान बदरी विशाल के दर्शन हेतु उत्तराखंड आने का आह्वान किया और जिला प्रशासन को यात्रियों की सुविधा हेतु व्यवस्थाएं और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

अंत में हेलीपैड पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने राज्यपाल को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.