बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन को मिली नई रफ्तार, उत्तराखंड विकास की राह पर आगे बढ़ रहा: नरेश बंसल
राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने उत्तराखंड में पर्यटन और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी के कारण राज्य पर्यटन और आर्थिक विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव है, जिसके चलते राज्य में पर्यटन के विभिन्न क्षेत्रों को विकसित करने के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे, ऑल वेदर रोड परियोजना और ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल लाइन जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं ने उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को नई मजबूती प्रदान की है।
नरेश बंसल ने कहा कि हाल ही में रामनगर–देहरादून सीधी रेल सेवा शुरू होने और तीर्थयात्रियों के लिए सोमनाथ तक ट्रेन सुविधा उपलब्ध होने से राज्य के पर्यटन क्षेत्र को नई गति मिली है। इससे पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अब पारंपरिक पर्यटन के साथ-साथ आध्यात्मिक, साहसिक (एडवेंचर) और वेलनेस टूरिज्म का दायरा भी तेजी से बढ़ रहा है। सरकार की योजनाओं और बेहतर परिवहन सुविधाओं का सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिल रहा है।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि विकास परियोजनाओं से प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हो रही है और रोजगार के नए अवसर सृजित होने से पलायन पर भी प्रभावी अंकुश लग रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत कनेक्टिविटी और पर्यटन क्षेत्र में हो रहे निवेश से उत्तराखंड विकास की राह पर और तेजी से आगे बढ़ेगा।
नरेश बंसल, राज्यसभा सांसद।
