June 25, 2026

सतपुली महाविद्यालय के नए भवन का लोकार्पण, डॉ. धन सिंह रावत ने किया निरीक्षण

डॉ. धन सिंह रावत ने अपने पौड़ी जनपद भ्रमण के दूसरे दिन सतपुली क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय सतपुली में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में सतपाल महाराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ. रावत ने कहा कि सतपुली क्षेत्र लंबे समय से उच्च शिक्षा के लिए स्थायी और सुदृढ़ आधारभूत सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहा था, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय को अपना स्थायी भवन मिलने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार ब्लॉक स्तर पर बेहतर शिक्षण संस्थान विकसित कर युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

अपने भ्रमण के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री ने सतपुली स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के निर्माणाधीन भवन का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्ध पूर्णता को लेकर अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इसके बाद डॉ. रावत ने अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के धारकोट, ताल और पाली-चोपड़ा जैसे सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जनसंपर्क कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

डॉ. रावत ने कहा कि सरकार विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.