देहरादून में करोड़ों की जमीन पर कब्जे का आरोप, पुलिस की भूमिका पर भी उठे सवाल
देहरादून। राजधानी के इंजीनियर्स एन्क्लेव क्षेत्र में करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन पर कब्जा किया गया और मामले में स्थानीय पुलिस की मिलीभगत भी रही। शिकायत के बाद एसएसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, जमीन के मूल स्वामी का निधन होने के बाद कथित रूप से फर्जी गिफ्ट डीड तैयार कर संपत्ति का नामांतरण कराया गया। परिवार का आरोप है कि कब्जे के दौरान सुरक्षा कर्मी भी तैनात कर दिए गए और विरोध करने वालों को धमकाया गया।
शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने संबंधित थाना प्रभारी को कथित कब्जा हटाने, एफआईआर दर्ज करने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब दस्तावेजों की वैधता, नामांतरण प्रक्रिया और सभी संबंधित पक्षों की भूमिका की जांच करेगी।
