September 16, 2026

केदारनाथ पैदल मार्ग पर फिर भूस्खलन, गौरीकुंड के पास रास्ता बंद; यात्रियों की आवाजाही रोकी गई

Kedarnat

लगातार हो रही बारिश के बीच केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक बार फिर भूस्खलन की घटना सामने आई है। गौरीकुंड गेट से करीब 200 मीटर आगे पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिरने के कारण पैदल यात्रा मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल श्रद्धालुओं की आवाजाही रोक दी है और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है।

जानकारी के अनुसार, लगातार वर्षा के चलते पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने लगे, जिससे केदारनाथ पैदल मार्ग बंद हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, राहत एवं बचाव दल तथा संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना कर दी गईं।

प्रशासन द्वारा मार्ग से मलबा हटाने और यात्रा मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। हालांकि लगातार बारिश और पहाड़ी से रुक-रुक कर गिर रहे मलबे एवं बोल्डरों के कारण राहत एवं मार्ग बहाली कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और बिना अनुमति के आगे बढ़ने का प्रयास न करें। साथ ही जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यात्रा मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही श्रद्धालुओं की आवाजाही दोबारा शुरू कराई जाएगी। फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.