August 27, 2026

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन, प्रशासन ने रातभर चलाया राहत अभियान

श्री केदारनाथ धाम यात्रा में 19 मई तक 6 लाख 94 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। इसी बीच 19 मई की रात्रि हुई तेज बारिश के कारण सोनप्रयाग–गौरीकुंड मार्ग पर तीन स्थानों पर भूस्खलन होने से यात्रा मार्ग अवरुद्ध हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, NDRF, SDRF, पुलिस एवं अन्य राहत टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से घटनास्थल का जायजा लिया तथा अधिकारियों से लगातार स्थिति की जानकारी लेते रहे।

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कठिन परिस्थितियों के बावजूद राहत टीमों ने मात्र 30 मिनट के भीतर पैदल यात्रियों के लिए मार्ग खोल दिया और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का कार्य किया।

रातभर चले राहत अभियान के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। जिला प्रशासन की तत्परता और समन्वित प्रयासों के चलते जेसीबी मशीनों से मलबा हटाकर यात्रा मार्ग को पुनः सुचारु कर दिया गया है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.