देहरादून में 11 से 15 जुलाई तक सजेगा ‘लोक संवर्धन पर्व’, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे उद्घाटन
भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा उत्तराखंड सरकार के सहयोग से 11 से 15 जुलाई, 2026 तक देहरादून के परेड ग्राउंड में लोक संवर्धन पर्व के छठे संस्करण का आयोजन किया जाएगा। पांच दिवसीय इस महोत्सव का उद्घाटन 11 जुलाई को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। यह महोत्सव 15 जुलाई तक आम जनता के लिए निःशुल्क खुला रहेगा।
यह आयोजन कई मायनों में विशेष है, क्योंकि पहली बार लोक संवर्धन पर्व किसी राज्य सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना के तहत उत्तराखंड इस आयोजन में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के साथ साझेदारी करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक कला, शिल्प, हस्तकरघा, पाक विरासत और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देना है।
वर्ष 2024 में शुरू हुए इस आयोजन के अब तक पांच सफल संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं, जिनसे 550 से अधिक कारीगरों, बुनकरों, शिल्पकारों और पाक विशेषज्ञों को लाभ मिला है। यह मंच अल्पसंख्यक समुदायों के कारीगरों और उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराने और उनके उत्पादों को नई पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करता है।
इस वर्ष के महोत्सव में देशभर की पारंपरिक कला एवं शिल्प को प्रदर्शित करने वाले करीब 150 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें लगभग 40 प्रतिशत स्टॉल उत्तराखंड की पारंपरिक कला और शिल्प पर आधारित होंगे। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के हस्तशिल्प, अजरख ब्लॉक प्रिंटिंग, लाख की चूड़ियां, लकड़ी की कलाकृतियां, पीतल शिल्प, टेराकोटा, बेंत एवं बांस उत्पाद, हथकरघा वस्त्र और देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की पारंपरिक कलाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।
महोत्सव में 20 फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां आगंतुक गढ़वाली, कुमाऊँनी, लखनवी, राजस्थानी, महाराष्ट्रीयन समेत देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मास्टर कारीगरों द्वारा लाइव शिल्प प्रदर्शन, खरीदार-विक्रेता संवाद, उद्यमिता एवं डिजिटल मार्केटिंग से जुड़े विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे कारीगरों और उद्यमियों को नए बाजार और व्यापारिक अवसरों की जानकारी मिल सकेगी।
सांस्कृतिक संध्याओं में उत्तराखंड की लोक संस्कृति के साथ देश के कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उद्घाटन दिवस पर मशहूर ग़ज़ल गायक तलत अज़ीज़ प्रस्तुति देंगे। वहीं आगामी दिनों में ज्योति नूरां, किशन महिपाल, विवेक नौटियाल, माया उपाध्याय, उत्तराखंड का प्रसिद्ध लोक बैंड ‘पांडवाज़’ और पंजाबी गायक परमिश वर्मा अपनी प्रस्तुतियों से महोत्सव को रंगारंग बनाएंगे।
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने नागरिकों, पर्यटकों, विद्यार्थियों, खरीदारों, निर्यातकों और शिल्प प्रेमियों से अपील की है कि वे 11 से 15 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे के बीच परेड ग्राउंड पहुंचकर भारत की समृद्ध कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लें।