September 10, 2026

हरिद्वार में बड़ा हादसा टला! हरकी पैड़ी मार्ग पर धंसी सड़क, स्कूल बस बाल-बाल बची

Road

हरकी पैड़ी मुख्य मार्ग पर मंगलवार को अचानक सड़क धंसने से हड़कंप मच गया। सड़क धंसने के बाद मौके पर करीब चार फीट गहरा गड्ढा बन गया। जिस समय सड़क धंसी, उसी दौरान एक स्कूल बस भी इसकी चपेट में आ गई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यात्री बाहुल्य हरकी पैड़ी मार्ग पर सड़क धंसने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक इसी स्थान पर कुछ दिन पहले सड़क की मरम्मत कर गड्ढा भरा गया था, लेकिन इसके बावजूद दोबारा सड़क धंस गई। इससे व्यापारियों में नाराजगी है।

नगर कोतवाली से हरकी पैड़ी जाने वाला यह प्रमुख मार्ग है। इस रास्ते पर दिन-रात बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश से आने वाले यात्रियों की आवाजाही रहती है। इसके अलावा स्कूल बसों समेत बड़ी संख्या में वाहन भी इसी मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में सड़क धंसने की घटना ने सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि सड़क अचानक बैठ गई और देखते ही देखते करीब चार फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। व्यापारियों ने सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

वायरल वीडियो

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.