Recent Posts

August 16, 2026

प्रधानमंत्री ने भारत से सहायता प्राप्त 106.16 मिलियन अमरीकी डॉलर की रेल अवसंरचना परियोजनाओं का किया उद्घाटन,

दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इन दिनों श्रीलंका की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने आज श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका के साथ अनुराधापुरा में भारतीय सहायता से निर्मित कुल 106.16 मिलियन अमरीकी डॉलर की लागत से निर्मित दो रेलवे परियोजनाओं के उद्घाटन और शुभारंभ समारोह में भाग लिया। दोनों देशों के प्रमुखों ने संयुक्त रूप से 91.27 मिलियन अमरीकी डॉलर की भारतीय सहायता से नवीनीकृत 128 किलोमीटर लंबी माहो -ओमानथाई रेलवे लाइन का उद्घाटन किया। इसके बाद माहो से अनुराधापुरा तक 14.89 मिलियन अमरीकी डॉलर की भारतीय अनुदान सहायता से बनायी जा रही, उन्नत सिग्नलिंग प्रणाली के निर्माण का शुभारंभ किया।

भारत-श्रीलंका विकास साझेदारी के तहत कार्यान्वित ये ऐतिहासिक रेलवे आधुनिकीकरण परियोजनाएँ श्रीलंका में उत्तर-दक्षिण रेल संपर्क को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर हैं। इससे देश भर में यात्री और माल यातायात दोनों की तेज़ और कुशल आवाजाही की सुविधा होगी।

गत दिवस प्रधानमंत्री श्री मौदी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका के साथ कोलंबो स्थित राष्ट्रपति सचिवालय में उपयोगी बैठक की। इस वार्ता से पहले प्रधानमंत्री का इंडिपेंडेंस स्क्वायर पर रस्‍मी स्वागत किया गया। राष्ट्रपति दिसानायका के सितंबर 2024 में पदभार ग्रहण करने के बाद से प्रधानमंत्री श्रीलंका की राजकीय यात्रा पर जाने वाले पहले विदेशी नेता हैं।

दोनों नेताओं ने साझा इतिहास पर आधारित तथा जनता के बीच मजबूत संबंधों से प्रेरित विशेष और प्रगाढ़ द्विपक्षीय संबंधों को और घनिष्‍ठ बनाने के लिए सीमित और प्रतिनिधिमंडल स्तर के प्रारूप में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कनेक्टिविटी, विकास सहयोग, आर्थिक संबंधों, रक्षा संबंधों, सुलह और मछुआरों के मुद्दों के क्षेत्र में सहयोग की समीक्षा की। प्रधानमंत्री ने भारत की पड़ोस प्रथम नीति और विजन महासागर में श्रीलंका के महत्व को दोहराया। उन्होंने श्रीलंका की आर्थिक सुधार और स्थिरीकरण में सहायता के लिए भारत की ओर से निरंतर प्रतिबद्धता व्यक्त की।

‌वार्ता के बाद, दोनों नेताओं ने कई परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन किया। इनमें श्रीलंका भर के धार्मिक स्थलों पर स्थापित 5 हजार सौर रूफटॉप इकाइयां और दांबुला में तापमान नियंत्रित भंडारण सुविधा शामिल है। उन्होंने 120 मेगावाट की सामपुर सौर विद्युत परियोजना के शुभारंभ के लिए भूमिपूजन समारोह में भी वर्चुअल भाग लिया।

दोनों नेताओं की मौजूदगी में पूर्वी प्रांत में ऊर्जा, डिजिटलीकरण, रक्षा, स्वास्थ्य और बहु-क्षेत्रीय सहायता के क्षेत्रों में सात समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ। प्रधानमंत्री ने त्रिंकोमाली में थिरुकोनेश्वरम मंदिर, अनुराधापुरा में पवित्र शहर परियोजना और नुवारा एलिया में सीता एलिया मंदिर परिसर के विकास के लिए सहायता देने की घोषणा की। क्षमता निर्माण और आर्थिक सहायता के क्षेत्रों में, सालाना अतिरिक्त 700 श्रीलंकाई नागरिकों को प्रशिक्षण देने के लिए एक व्यापक पैकेज और ऋण पुनर्गठन पर द्विपक्षीय संशोधन समझौते होने की भी घोषणा की गई।

 

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.