June 29, 2026

‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा, पेट्रोल पंपों से देशभर पहुंचेंगे उत्तराखंड के उत्पाद

Uttarakhand products

उत्तराखंड के ग्रामीण उत्पाद अब पेट्रोल पंपों के माध्यम से देशभर के लोगों तक पहुंचेंगे। राज्य सरकार की रीप (REAP) परियोजना और देहरादून जिला प्रशासन ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को बड़ा बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पेट्रोल पंपों पर ‘हिलान्स आउटलेट’ स्थापित करने का निर्णय लिया है।

जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के बीच हुए एमओयू के तहत प्रदेश का पहला हिलान्स आउटलेट डोईवाला स्थित फन एंड फूड किंगडम वाटर पार्क के समीप आईओसीएल पेट्रोल पंप पर खोला जाएगा। इस आउटलेट पर उत्तराखंड की पहाड़ी दालें, पारंपरिक मसाले, जड़ी-बूटियां, डेयरी उत्पाद, हस्तशिल्प और अन्य स्थानीय उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।

जिला परियोजना प्रबंधक सोनम गुप्ता ने बताया कि इस पहल से लाखों पर्यटकों और यात्रियों को एक ही स्थान पर उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पाद खरीदने का अवसर मिलेगा। इससे स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए स्थायी और व्यापक बाजार मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान और महिला सशक्तिकरण को लगातार बढ़ावा दे रही है। पेट्रोल पंपों पर हिलान्स आउटलेट शुरू होने से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

इस नई पहल के तहत अब उत्तराखंड आने वाले पर्यटक अपनी गाड़ियों में सिर्फ ईंधन ही नहीं, बल्कि पहाड़ का स्वाद, संस्कृति और स्थानीय हस्तशिल्प भी अपने साथ ले जा सकेंगे। यह पहल ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.