July 13, 2026

17 जुलाई को देहरादून आएंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं से करेंगे संवाद

Rahul Gandhi

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून पहुंचेंगे। वह शाम 5 बजे परेड ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर छात्रों की आवाज़ को मंच देना और उनके भविष्य से जुड़े सवालों पर चर्चा करना बताया गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह एक गैर-राजनीतिक कार्यक्रम है, जिसमें छात्रों की समस्याओं और रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद होगा। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने मेहनत करने वाले लाखों युवाओं के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में राहुल गांधी सीधे छात्रों से संवाद कर उनकी चिंताओं को सुनेंगे और पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था की आवश्यकता पर अपने विचार साझा करेंगे।

गणेश गोदियाल ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों की आवाज़ को मजबूती देना और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने प्रदेशभर के युवाओं और छात्रों से बड़ी संख्या में देहरादून के परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने और अपनी बात रखने की अपील की।

कांग्रेस का कहना है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम युवाओं के भविष्य, रोजगार और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर सार्थक चर्चा का मंच बनेगा, जहां छात्रों की चिंताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

गणेश गोदियाल, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.