चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में सड़कों की मरम्मत तेज, डीएम के निर्देश पर दिन-रात काम जारी
हरिद्वार में सीवरेज कार्य के चलते खोदी गई सड़कों से स्थानीय लोगों और व्यापारियों को हो रही परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यों को तेज गति से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में सड़कों की मरम्मत पूरी कर ली जाए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है और दिन-रात काम किया जा रहा है। उत्तराखंड पेयजल निगम की परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज-01 और पैकेज-02 में सड़क पुनर्निर्माण तेजी से किया जा रहा है।
पैकेज-01 के अंतर्गत मुखिया गली में 10 मीटर सीसी रोड, शांति मार्ग में 8 मीटर टाइल्स रोड और ऋषिकुल क्षेत्र में 200 मीटर बीटी रोड का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिससे कुल 218 मीटर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं पैकेज-02 के अंतर्गत लोकसेवा आयोग क्षेत्र में 129 मीटर, शिवानीपुरम में 40 मीटर और गणपतिधाम फेस-3 में 50 मीटर सीसी रोड निर्माण कार्य पूरा करते हुए कुल 219 मीटर कार्य संपन्न किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, शेष सड़कों का पुनर्निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है और इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा, ताकि यात्रा सीजन में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
