सहस्त्रधारा फिर पर्यटकों के लिए तैयार , नए रूप में लौटी मशहूर पर्यटन स्थल
देवभूमि उत्तराखण्ड की राजधानी Dehradun में स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल Sahastradhara एक बार फिर पर्यटकों के लिए पूरी तरह तैयार हो चुका है। पिछले साल आई प्राकृतिक आपदा में इस क्षेत्र को भारी नुकसान झेलना पड़ा था, जिससे यहां की पर्यटन गतिविधियां लगभग ठप हो गई थीं। लेकिन अब पुनर्निर्माण और व्यवस्थाओं में सुधार के बाद सहस्त्रधारा नए रूप में पर्यटकों का स्वागत कर रही है।
सहस्त्रधारा अपने ठंडे झरनों, चूना-पत्थर की गुफाओं और प्राकृतिक सुंदरता के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। जैसे ही गर्मी का मौसम शुरू हुआ है, वैसे ही यहां पर्यटकों की आवाजाही तेजी से बढ़ने लगी है। खासतौर पर आसपास के शहरों और राज्यों से लोग गर्मी से राहत पाने के लिए इस जगह का रुख कर रहे हैं।
पुनर्विकास के दौरान यहां सुरक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया गया है, साथ ही पर्यटकों की सुविधा के लिए कई जरूरी इंतजाम भी किए गए हैं। रास्तों की मरम्मत, साफ-सफाई और बैठने की जगहों को व्यवस्थित किया गया है, जिससे पर्यटकों को पहले से बेहतर अनुभव मिल रहा है।
सहस्त्रधारा के दोबारा खुलने से स्थानीय कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। होटल, रेस्टोरेंट, दुकानदार और गाइड से जुड़े लोगों को फिर से रोजगार मिलने लगा है। पिछले साल आपदा के कारण जिन लोगों की आय प्रभावित हुई थी, अब उनके लिए यह राहत भरी खबर है।
पर्यटन गतिविधियों में आई इस तेजी से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी बल मिल रहा है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है, जिससे सहस्त्रधारा एक बार फिर उत्तराखण्ड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान मजबूत करेगा।
