देहरादून में उफनती नदी के बीच टापू पर फंसे 7 लोगों का SDRF ने किया सफल रेस्क्यू
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र स्थित संताला देवी मंदिर के पास नदी के बीच बने एक टापू पर सात लोग फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे संताला देवी मंदिर के समीप नदी के बीच स्थित टापू चारों ओर से पानी से घिर गया। इस दौरान वहां मौजूद सात लोग बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलने के कारण फंस गए।
घटना की सूचना सीसीआर देहरादून के माध्यम से मिलते ही सहस्रधारा पोस्ट की एसडीआरएफ टीम सब-इंस्पेक्टर राजबार राणा के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने हालात का आकलन करने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया।
उफनती नदी और तेज बहाव के बावजूद एसडीआरएफ के जवानों ने पूरी सावधानी और सूझबूझ के साथ अभियान चलाया तथा टापू पर फंसे सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों और जलधाराओं के आसपास जाने से बचें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें। वहीं एसडीआरएफ और जिला प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार हैं।
