उत्तरकाशी में एसआईआर अभियान तेज, 63,717 नोटिसों में 3,300 मामलों की सुनवाई पूरी
जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य तेज़ी से जारी है। अभियान के दूसरे चरण में जारी किए गए नोटिसों पर प्राप्त दावों और आपत्तियों की नियमानुसार सुनवाई कर उनका समयबद्ध निस्तारण किया जा रहा है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य निर्वाचन नामावली को त्रुटिरहित, समावेशी और निष्पक्ष बनाना है।
जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 558 मतदान केंद्रों पर बीएलओ और निर्वाचन कार्मिक पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहे हैं। एसआईआर अभियान के तहत कुल 63,717 नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से अब तक 54,933 मतदाताओं को नोटिस वितरित किए जा चुके हैं।
विधानसभावार प्रगति पर नजर डालें तो पुरोला विधानसभा में 22,426 नोटिसों के सापेक्ष 16,969 नोटिस वितरित किए गए हैं, जिनमें से 1,732 मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। यमुनोत्री विधानसभा में 19,641 नोटिसों के मुकाबले 18,041 नोटिस वितरित किए गए और 1,091 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। वहीं गंगोत्री विधानसभा में 21,650 नोटिसों में से 19,923 नोटिस वितरित किए गए, जिनमें 477 मामलों की सुनवाई पूरी हुई है। इस प्रकार तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अब तक कुल 3,300 नोटिसों पर सुनवाई की जा चुकी है।
संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) द्वारा निर्धारित तिथियों पर प्रत्येक प्रकरण की तथ्यों और नियमों के आधार पर निष्पक्ष सुनवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दावों और आपत्तियों के प्रत्येक मामले का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाए। साथ ही बीएलओ, सुपरवाइजर और निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी कार्मिकों को निर्देशित किया गया है कि वे मतदाताओं के साथ समन्वय बनाए रखते हुए नोटिसों की समयबद्ध तामील, सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया पूरी करें।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें दावा या आपत्ति से संबंधित कोई नोटिस प्राप्त हुआ है, तो निर्धारित तिथि और समय पर संबंधित अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।
