देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तेज, डीएम ने मौके पर जाकर जांची व्यवस्था
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को त्रुटिरहित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान मंगलवार को स्वयं मैदान में उतरे। उन्होंने अजबपुर कलां क्षेत्र का दौरा कर घर-घर जाकर मतदाताओं को नोटिस वितरित करने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य की प्रक्रिया, नोटिस वितरण और मतदाताओं से प्राप्त फीडबैक के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ किया जाना चाहिए, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का सही विवरण सूची में दर्ज हो।
डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बीएलओ को कार्य की स्पष्ट समझ के लिए फ्लोचार्ट और चेकलिस्ट उपलब्ध कराई जाए, जिससे पुनरीक्षण अभियान में किसी प्रकार की त्रुटि या भ्रम की स्थिति न बने और सभी प्रक्रियाओं का एक समान तरीके से पालन हो सके।
जिला प्रशासन के अनुसार, देहरादून में अब तक 11 लाख 90 हजार से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। वहीं, विवरण में विसंगति पाए जाने पर करीब 5 लाख 47 हजार मतदाताओं को घर-घर जाकर नोटिस वितरित किए जा रहे हैं, ताकि वे समय रहते अपने नाम, पता या अन्य आवश्यक विवरणों में संशोधन करा सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि यदि उन्हें नोटिस प्राप्त होता है तो वे निर्धारित समय के भीतर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर अपने विवरण का सत्यापन और संशोधन अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
डॉ आशीष चौहान, जिलाधिकारी, देहरादून
