July 29, 2026

देहरादून में पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप, बुजुर्ग किसान ने मानवाधिकार आयोग और एसएसपी देहरादून से लगाई न्याय की गुहार

देहरादून। देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र के निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग किसान सोमनाथ शर्मा ने मानवाधिकार आयोग, उत्तराखंड और एस.एस.पी देहरादून से शिकायत दर्ज कराते हुए स्थानीय पुलिस के एक उपनिरीक्षक और एक कांस्टेबल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि पुलिसकर्मी बिना वैध दस्तावेज या वारंट के उनके घर में घुसे, परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया, गिरफ्तारी की धमकी दी और जमीन से जुड़े दस्तावेज दिखाने का दबाव बनाया।
शिकायत के अनुसार, घटना 23 जुलाई 2026 की बताई गई है। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने वारंट या अपराध संख्या (Crime Number) नहीं दिखाई और विरोध करने पर धमकी दी। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि घटना का वादी द्वारा वीडियो बनाने का प्रयास किया गया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने रिकॉर्डिंग बंद कराने का दबाव बनाया।
पीड़ित परिवार ने मानवाधिकार आयोग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक (DGP), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून और अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है। वहीं एसएसपी देहरादून ने घटना का संज्ञान लेते हुए त्वरित कारवाही का आश्वासन दिया है।

समाचार लिखे जाने तक इस मामले में संबंधित पुलिस अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि या खंडन हो सकेगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.