August 1, 2026

सृष्टि कंडारी दहेज हत्या मामला: पुलिस ने पति-ननद को किया गिरफ्तार

Police

दहेज हत्या के एक सनसनीखेज मामले में देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मृतका द्वारा अपनी मां को भेजे गए एक वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। मामले में पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पौड़ी निवासी सीमा कंडारी ने 29 जुलाई को कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी को विवाह के बाद से लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने उनकी बेटी की हत्या कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) वंदना वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान मृतका की मां ने पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराया, जिसमें सृष्टि कंडारी शादी के बाद अपने साथ हो रही प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के बारे में बता रही थी।

पुलिस ने वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद मृतका के पति सौरभ खत्री और उसकी बहन सुरभि उर्फ चारू को हर्रावाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है ताकि घटना से जुड़े प्रत्येक तथ्य सामने आ सकें और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जा सके।

प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी, देहरादून

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.