August 1, 2026

दिव्यांगों को व्हीलचेयर, महिलाओं को रोजगार की सौगात, खटीमा में सीएम धामी का बड़ा संदेश

Khatima

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा दौरे के दौरान लोहियाहेड स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर और साइकिल वितरित कीं, जबकि महिला स्वयं सहायता समूहों को दो आधुनिक फूड वैन उपलब्ध कराकर उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

जनता मिलन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत भी किया।

मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर और साइकिल वितरित करते हुए कहा कि ये उपकरण उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाएंगे और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के सम्मान और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों को दो आधुनिक फूड वैन भी सौंपीं। इन वैन में भोजन तैयार करने के लिए आवश्यक किचन की सुविधा उपलब्ध है, जिससे महिलाएं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और स्थानीय लोगों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं किफायती भोजन भी उपलब्ध कराया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और विकास का लाभ अंतिम छोर तक पहुंच सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.