Recent Posts

September 21, 2026

फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह पर STF का बड़ा प्रहार, तीन आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और ऊधमसिंहनगर पुलिस के संयुक्त अभियान में काशीपुर क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध सेमीऑटोमैटिक पिस्टल, .30 और .32 बोर के कुल 65 कारतूस तथा तीन कूटरचित (फर्जी) शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ के अनुसार पिछले एक माह से इस मामले में गोपनीय जांच और सूचनाओं का संकलन किया जा रहा था। जांच के दौरान यह सामने आया कि उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद से निर्गत दर्शाए गए फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के आधार पर काशीपुर स्थित एक गन हाउस से हथियार खरीदे गए थे।

मामले में एसटीएफ की तहरीर पर काशीपुर कोतवाली में उत्तर प्रदेश से जारी दर्शाए गए 10 फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद चलाए गए संयुक्त अभियान में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण बरामदगी की गई।

एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस के मामलों में इससे पहले भी दो अलग-अलग अभियोग दर्ज कर दो आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ लोग बाहरी राज्यों से फर्जी लाइसेंस बनवाकर उत्तराखंड में अवैध हथियार लाते हैं और बाद में इन फर्जी लाइसेंसों को वैध दिखाने का प्रयास करते हैं।

एसटीएफ ने स्पष्ट किया कि ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध हथियारों तथा फर्जी लाइसेंस के नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.