July 29, 2026

कांग्रेस बैठक में सूरत सिंह कोहली को नई जिम्मेदारी, केंद्र सरकार पर साधा निशाना

रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह के संचालन में आयोजित बैठक में संगठनात्मक बदलाव और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एस.सी. प्रकोष्ठ मदन लाल ने अधिवक्ता एवं स्वतंत्र पत्रकार सूरत सिंह कोहली को महानगर अध्यक्ष एस.सी. प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सौंपी।

कांग्रेस भवन में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सूरत सिंह कोहली का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें माला पहनाकर बधाई दी। नेताओं ने उन्हें एक शिक्षित और सुलझा हुआ व्यक्तित्व बताते हुए विश्वास जताया कि वे संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण और जयेंद्र रमोला ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।

बैठक में केंद्र सरकार और नरेंद्र मोदी पर भी तीखा हमला बोला गया। नेताओं ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर प्रधानमंत्री के संबोधन को “सरकारी खर्च पर चुनावी भाषण” करार देते हुए इसे विशेषाधिकार का दुरुपयोग बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्र के नाम संबोधन का उपयोग विपक्षी दलों की आलोचना के लिए किया गया, जो परंपराओं के अनुरूप नहीं है।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक पहले ही पारित हो चुका है और सरकार की मंशा महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने की बजाय राजनीतिक लाभ लेना है। उन्होंने दावा किया कि देश की महिलाएं इस बात को समझती हैं और समय आने पर इसका जवाब देंगी।

बैठक के अंत में पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और संगठन विस्तार पर जोर दिया गया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.