चमोली में फ्लैश फ्लड का कहर: तमकनाला में बेली ब्रिज बहा, BRO कर्मी लापता
चमोली/ज्योतिर्मठ: उत्तराखंड के चमोली जिले में सोमवार शाम अचानक आई फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी। तमकनाला क्षेत्र में तेज बहाव के कारण ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर बना नवनिर्मित बेली ब्रिज पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सड़क संपर्क प्रभावित हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 5:45 बजे तमक नाले में अचानक पानी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। देखते ही देखते तेज बहाव ने बेली ब्रिज को अपनी चपेट में ले लिया। पुल के ढहने के दौरान एक स्कॉर्पियो, बोलेरो कैंपर समेत अन्य वाहन भी प्रभावित हुए।
BRO कर्मी के बहने की सूचना
पुल के बहने के दौरान BRO के नायक पंकज कुमार के तेज बहाव में बह जाने की सूचना है। पुलिस और बचाव दल द्वारा उनकी तलाश की जा रही है। प्रशासन ने घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
भारी बारिश से बिगड़े हालात
चमोली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बारिश के बीच अचानक जलस्तर बढ़ने से हालात गंभीर हो गए हैं। प्रशासन ने लोगों और यात्रियों को प्रभावित मार्ग पर जाने से बचने की सलाह दी है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वीडियो में दिखा फ्लैश फ्लड का भयावह मंजर, जिसमें तेज बहाव के सामने पुल कुछ ही पलों में कमजोर पड़ता नजर आया। घटना ने पहाड़ी क्षेत्रों में मानसून के दौरान अचानक आने वाली बाढ़ के खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
