राहुल गांधी के धरने को BJP ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण, लोकतांत्रिक परंपराओं का किया हवाला
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठने को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इस घटनाक्रम पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राहुल गांधी के कदम को लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत बताया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसा गरिमामय पद बड़ी जिम्मेदारी के साथ आता है, लेकिन राहुल गांधी के आचरण से यह नहीं लगता कि वे इस पद की गरिमा और जिम्मेदारियों को गंभीरता से लेते हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन विरोध और अराजकता के बीच स्पष्ट अंतर होता है। उनके अनुसार विपक्ष को रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए, जबकि राहुल गांधी अराजकता की राजनीति कर रहे हैं।
नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री किसी एक राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि पूरे देश के प्रतिनिधि होते हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास के बाहर इस तरह का धरना देना लोकतांत्रिक परंपराओं और राजनीतिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।
भाजपा अध्यक्ष ने इस पूरे घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन इसके बावजूद राहुल गांधी ने टकराव का रास्ता चुना। उन्होंने इसे राजनीतिक अस्थिरता और गैर-जिम्मेदाराना रवैये का परिचायक बताया।
राहुल गांधी के धरने को लेकर सियासी बयानबाजी लगातार जारी है और इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
नितिन नबीन, BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष
