July 29, 2026

मुख्य सचिव ने पंतनगर एयरपोर्ट विस्तारीकरण का किया स्थलीय निरीक्षण

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को जनपद भ्रमण के दौरान पंतनगर एयरपोर्ट का निरीक्षण कर विस्तारीकरण कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिस पर लगभग 380 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

डीजीएम सिविल अनूप गुप्ता के अनुसार, विस्तार के लिए 524.70 एकड़ भूमि एयरपोर्ट प्राधिकरण को आवंटित की जा चुकी है। प्रस्तावित कार्यों के तहत 3000 मीटर लंबा रनवे, नया टर्मिनल, हैंगर, कार्गो सुविधा, आईएलएस सिस्टम और नाइट लैंडिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। फिलहाल चारदीवारी का निर्माण कार्य जारी है, जिसे जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास गेस्टहाउस और अन्य सुविधाओं का भी विकास प्रस्तावित है। वहीं, एनएचएआई द्वारा प्रभावित राष्ट्रीय राजमार्ग को शिफ्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने विकास योजनाओं की समीक्षा कर डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित छात्रों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.