August 8, 2026

इस वर्ष 30 अप्रैल तक केंद्रीय पूल में 256.31 एलएमटी गेहूं की हुई खरीद, पिछले वर्ष के मुकाबले 24.78 प्रतिशत अधिक,

कृषि समाचार, देश भर के प्रमुख राज्यों में रबी विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान गेहूं की खरीद सुचारू रूप से जारी है। इस वर्ष गेहूं की खरीद के लिए निर्धारित 312 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) के अनुमानित लक्ष्य की तुलना में अब तक केंद्रीय पूल में 256.31 एलएमटी गेहूं की खरीद हो चुकी है। इस वर्ष 30 अप्रैल तक गेहूं की खरीद पिछले वर्ष के 30 अप्रैल तक की कुल खरीद 205.41 एलएमटी से अधिक हो चुकी है। जो पिछले वर्ष के मुकाबले 24.78 प्रतिशत अधिक है। गेहूं की खरीद करने वाले सभी पांच प्रमुख राज्यों- पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश ने पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक गेहूं की खरीद की है। यह जानकारी खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा दी गई है।

खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के अधिकारी ने बताया कि, रबी विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 21.03 लाख किसान लाभान्वित हो चुके हैं। तथा कुल एमएसपी भुगतान 62155.96 करोड़ रुपये है। खरीद में प्रमुख योगदान पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश का है। जहां क्रमशः 103.89 एलएमटी, 65.67 एलएमटी, 67.57 एलएमटी, 11.44 एलएमटी और 7.55 एलएमटी गेहूं की खरीद की गई। रबी विपणन वर्ष 2025-26 में खरीद अवधि अभी भी शेष है। केन्द्रीय पूल के लिए गेहूं की खरीद के पिछले वर्ष के आंकड़ों को पर्याप्त अंतर से पार करने की ओर अग्रसर है।

इस वर्ष गेहूं की खरीद में हुई बढ़ोतरी खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के ठोस प्रयासों से हुई है। इन प्रयासों के अंतर्गत किसानों को जागरूक करना, किसानों का पंजीकरण, खरीद केंद्रों की तैयारी, किसानों को एमएसपी का समय पर भुगतान करना है। अधिकांश मामलों में, किसानों को एमएसपी का भुगतान 24 से 48 घंटों के भीतर किया गया।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.