हल्द्वानी शुद्धिकरण मुद्दे पर तीरथ सिंह रावत का कांग्रेस पर हमला, बोले- भाजपा काम करने वालों की पार्टी
प्रदेश में हल्द्वानी शुद्धिकरण का मुद्दा इन दिनों सियासी तूल पकड़ता जा रहा है। इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं। भाजपा जहां कांग्रेस पर इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर लाभ लेने का आरोप लगा रही है, वहीं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है।
तीरथ सिंह रावत ने कहा कि भाजपा का मिशन शुरू से ही सर्वव्यापी होकर बस्तियों और समाज के हर वर्ग के बीच जाकर सेवा करना रहा है। उन्होंने कहा कि देश पर जब भी कोई आपदा या विपत्ति आई है, भाजपा कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर आगे आए हैं और लोगों की मदद की है।
उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से भावनात्मक रूप से लोगों को जोड़ना ही भाजपा कार्यकर्ताओं का लक्ष्य रहा है। भाजपा नेता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग हर विषय का केवल राजनीतिकरण करते हैं, जो उचित नहीं है।
तीरथ सिंह रावत ने कहा कि जनता समय-समय पर ऐसे लोगों को अपने फैसले से जवाब देती रही है और कांग्रेस को भी कई बार जनता ने दरकिनार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल बातें करने में विश्वास नहीं रखती, बल्कि धरातल पर काम करने वाली पार्टी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा और सहयोग करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
तीरथ सिंह रावत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भाजपा एवं पूर्व मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
