September 3, 2026

नैनीताल में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, 47 मार्ग बंद

Nainital

सरोवर नगरी नैनीताल समेत पूरे जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, वहीं कई राज्य मार्ग और ग्रामीण मार्ग बंद होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर स्थित विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में भी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। कैंची धाम से होकर बहने वाली शिप्रा नदी इन दिनों उफान पर है। नदी का जलस्तर और तेज बहाव लगातार चिंता बढ़ा रहा है। हालांकि अभी तक कैंची धाम क्षेत्र में किसी तरह के बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन यदि बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा तो नदी के और विकराल रूप लेने की आशंका बनी हुई है।

भारी बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों से पत्थर गिरने की घटनाओं की भी सूचनाएं मिल रही हैं। कई स्थानों पर मार्ग बाधित होने के कारण यात्रियों और स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला एवं पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करें। साथ ही नदी, गाड़-गधेरे और अन्य जल स्रोतों के आसपास जाने से बचने तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

2 सितंबर को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

मूसलाधार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने 2 सितंबर 2026, बुधवार को नैनीताल जनपद में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

जिला प्रशासन के आपदा कंट्रोल रूम से बुधवार सुबह जारी सूचना के अनुसार, जनपद में बारिश का असर व्यापक रूप से देखने को मिला है। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई। स्नोव्यू क्षेत्र में सर्वाधिक 217 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि रामनगर क्षेत्र में सबसे कम 14.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।

47 मार्ग बारिश से बंद

लगातार बारिश के कारण नैनीताल जनपद में कुल 47 मार्ग बंद बताए गए हैं। इनमें 3 राज्य मार्ग, 2 प्रमुख मार्ग, 1 जिला मार्ग और 41 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। मार्गों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनों और कर्मचारियों को तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से बंद मार्गों को जल्द से जल्द सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

लगातार बारिश के चलते जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और नदी-नालों के पास जाने से पूरी तरह बचने की अपील की है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.